गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में रहने वाले लोगों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए किफायती और आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया बशारतपुर कल्याण मंडपम अब पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को दोपहर बाद इस कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना का निर्माण गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से कराया गया है।
3.10 करोड़ रुपये की लागत से हुआ निर्माण
जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के मुताबिक, बशारतपुर कल्याण मंडपम का निर्माण वार्ड नंबर 80, राप्तीनगर क्षेत्र में 2593 वर्गमीटर भूमि पर कराया गया है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 3.10 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
दो मंजिला इस कल्याण मंडपम को आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला के साथ तैयार किया गया है। शादी और सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
कल्याण मंडपम के भूतल पर 225 लोगों की क्षमता वाला बड़ा हॉल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। वहीं प्रथम तल पर एक हॉल, अटैच्ड टॉयलेट, ड्रेसिंग रूम और छह कमरों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। परिसर में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा आकर्षक फव्वारा, लॉन और फूल-पौधों से परिसर को सजाया गया है।
आम लोगों को मिलेगा सस्ता विकल्प
बशारतपुर कल्याण मंडपम में विवाह समारोह, तिलक, मुंडन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सामाजिक आयोजनों का आयोजन किया जा सकेगा। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को कम खर्च में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
गोरखपुर महानगर में इससे पहले खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम और जंगल बेनी माधव में भी कल्याण मंडपम का निर्माण कराया जा चुका है।
इनपुट: मुकेश कुमार


