नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) स्थित प्रसिद्ध स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में दीपावली के अवसर पर छह दिवसीय भव्य दीपावली और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक महोत्सव 5 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
महंतस्वामी महाराज की पावन प्रेरणा से आयोजित होने वाले इस उत्सव की तैयारियां मंदिर परिसर में अंतिम चरण में हैं। मंदिर को रंग-बिरंगी पताकाओं, फूलों, आकर्षक रंगोलियों और दीपों से सजाया जा रहा है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, महोत्सव में देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं।
मंदिर के मुख्य प्रभारी संत धर्मवत्सल दास स्वामी ने बताया कि BAPS संस्था के करीब 1,800 मंदिरों में प्रतिवर्ष दीपावली और अन्नकूट उत्सव भव्यता के साथ मनाया जाता है। इसी परंपरा के तहत दिल्ली अक्षरधाम में भी विशेष आयोजन किया जा रहा है।
छह दिनों तक विशेष पूजन-धार्मिक आयोजन
महोत्सव की शुरुआत 5 नवंबर को गौवत्स एकादशी के अवसर पर सुबह 10 बजे गौ माता के विशेष पूजन और आरती के साथ होगी। 6 नवंबर को धनतेरस पर शाम 6:15 बजे श्री लक्ष्मी पूजन किया जाएगा। वहीं, 7 नवंबर को रूप चौदस के दिन शाम 6:15 बजे हनुमान जी महाराज का पूजन होगा। 8 नवंबर को दीपावली और शारदा पूजन के अवसर पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पारंपरिक बही-खाता पूजन होगा। इसके बाद शाम 7 बजे मंदिर परिसर में भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।
1256 व्यंजनों से अन्नकूट महाभोग
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 10 नवंबर को होने वाला अन्नकूट उत्सव रहेगा। इस दिन सुबह 11 बजे श्री गोवर्धन पूजन होगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से शाम 6:30 बजे तक श्रद्धालु दिव्य अन्नकूट के दर्शन कर सकेंगे। इस अवसर पर ठाकुर जी को 1,256 प्रकार के शुद्ध सात्त्विक और शाकाहारी व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया जाएगा।
रिपोर्ट: अंकित त्रिवेदी

























