शामली: यूपी के शामली में हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की हत्या के मामले में अब यूपी एसटीएफ की भी एंट्री हो गई है। अब यूपी एसटीएफ पूरे मामले की जांच कर रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई है जिसमें पूरे हत्याकांड की जिम्मेदारी गोगी ग्रुप ने ली है। यूपी एसटीएफ इस एंगल से भी जांच में जुटी है।

STF करेगी मर्डर की जांच

बता दें की हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान कि बुधवार को शामली के नाला पटरी इलाके में उस समय गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी जब अंकित बालियान जिम से वर्कआउट कर कर वापस घर लौट रहे थे।

अंकित पर करीब 20 राउंड फायरिंग हुई थी। उस दौरान तकरीबन 18 गोलियां अंकित बालियान को लगी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने अंकित बालियान के शव को बाजार में भी सड़क पर रखकर विरोध-प्रदर्शन किया था।

इसके बाद रात में अंकित बालियान का पोस्टमार्टम कराया गया और उसकी डेड बॉडी को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अंकित बालियान के पिता की तहरीर पर चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस जांच में जुटी हुई ही थी कि इस बीच एक फेसबुक पोस्ट तेजी से वायरल हो गया।

फेसबुक पोस्ट से मचा हड़कंप

इस फेसबुक पोस्ट में गोगी ग्रुप ने पूरे हत्याकांड को अंजाम देने की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा था, ‘सभी भाइयों को राम-राम, यह जो आज अंकित बालियान का शामली में मर्डर हुआ है, इसकी पूरी जिम्मेदारी मैं भोलू शाहपुरिया (सोनीपत) लेता हूं। यह हमारे दुश्मनों का साथ देता था, हमारे गोगी भाई के साथ हुई घटना पर इसने गाना बनाया था और हमारे दुश्मनों का आपराधिक कामों में साथ देता था। इसका अंजाम उसको मिल गया और जो भी हमारे दुश्मनों का साथ देगा उन सबका यही हाल होगा, यह तो अभी शुरुआत है सब का नंबर आएगा, वेट एंड वॉच।’

मामले की गंभीरता को देखते हुए अब UP STF को भी पूरे मामले की जांच में लगाया है, यूपी एसटीएफ सोशल मीडिया पर हुई इस वायरल पोस्ट को भी एक आधार मानते हुए अपनी जांच आगे बढ़ा रही है।

यूपी एसटीएफ के एडिशनल एसपी बृजेश सिंह ने सोशल मीडिया पर गोगी ग्रुप की वायरल पोस्ट को सही मानते हुए उस पर जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि गोगी ग्रुप की इस पोस्ट को नजरंदाज नहीं किया जा सकता।

रिपोर्ट: पंकज मलिक

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version