गाजियाबाद: दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में एक खिलौने की फैक्ट्री में आग लगने के बाद हड़कंप मच गया. दरअसल साहिबाबाद थाना क्षेत्र के साइट-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पांडा बेबी प्रोडक्ट्स की टॉय फैक्ट्री में शनिवार शाम भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

दमकल की 12 गाड़ियां ने आग पर पाया काबू

चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल के मुताबिक, आग पर काबू पाने के लिए साहिबाबाद के अलावा घंटाघर कोतवाली और वैशाली से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब 12 दमकल गाड़ियों की मदद से लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

टॉय प्रोडक्ट्स की फैक्ट्री में लगी आग

फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान और टॉय प्रोडक्ट्स रखे होने के कारण आग काफी तेजी से फैल गई और धुआं भी काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। दमकल कर्मियों ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और हाइड्रोलिक टावर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फिलहाल आग पूरी तरह बुझने के बाद दमकल विभाग की टीम कूलिंग का काम कर रही है। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

रिपोर्ट: अंकित मंडार

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version