गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में गुलरिहा थाना क्षेत्र में खपड़हवा चौराहे पर एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। आज दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिस ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को निजी साधन से उपचार के लिए सीएचसी भटहट भेजवाया, ताकि समय पर इलाज मिल सके।
पुलिस ने आसपास के लोगों से की पूछताछ
घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। सबसे बड़ी बात ये है कि घायल युवक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है, आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अस्पताल में भी संपर्क कर रही है।
बता दें कि ये वही खपड़हवा चौराहा है, जहां ठीक एक सप्ताह पहले भी एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई थी। तब भी लोगों ने कहा था कि ये चौराहा खतरनाक होता जा रहा है। लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी यहां न कोई स्पीड ब्रेकर लगा, न कोई चेतावनी बोर्ड, न पुलिस की तैनाती हुई।
शाम होते ही छा जाता है अंधेरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस चौराहे पर चारों तरफ से तेज रफ्तार में वाहन आते हैं। मोड़ पर अचानक आमने-सामने आ जाने से टक्कर हो जाती है। शाम होते ही अंधेरा और बढ़ जाता है। बीते सप्ताह में एक महिला की मौत और अब एक युवक का गंभीर रूप से घायल होना, ये सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था पर सवाल है।
लोगों की मांग है कि खपड़हवा चौराहे पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए, ताकि फिर किसी घर का चिराग न बुझे और फिर किसी मां की गोद न उजड़े। फिलहाल पुलिस दूसरे बाइक सवार की तलाश कर रही है और घायल की पहचान में जुटी है।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























