नोएडा-दिल्ली स्थित चिल्ला बॉर्डर पर शनिवार सुबह से ही दिल्ली पुलिस और यूपी पुलिस के सुरक्षा इंतजाम दिखाई दिए। बॉर्डर पर हाई अलर्ट जारी और भारी पुलिस बल तैनात है। मौके पर दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस के साथ सीमा सुरक्षा बल BSF के जवान भी मोर्चा संभाले हुए हैं। अचानक बढ़ी इस सख्ती को देखकर यहां से गुज़रने वाले लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। बॉर्डर पर पोस्टर लगाए गए है।
दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर कई परतों में बैरिकेडिंग की गई है। इसके लिए लोहे के बैरिकेड लगाए गए हैं और उनके साथ RCC के मजबूत बैरिकेड भी रखे गए हैं। रास्ता रोकने की स्थिति में किसी भी तरह की दिक्कत से निपटने के लिए क्रेन और पानी के टैंकर भी मौके पर खड़े किए गए हैं। इतनी परतों वाली घेराबंदी से साफ है कि प्रशासन किसी भी स्थिति के लिए पहले से तैयार रहना चाहता है। सुरक्षा के इन इंतजामों के बीच बॉर्डर पर बीएनएस की धारा 163 का पोस्टर भी चस्पा किया गया है। यह धारा आमतौर पर किसी क्षेत्र में भीड़ जुटने या सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए लगाई जाती है। पुलिसकर्मी द्वारा बॉर्डर पर पहुंचने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही हैं। जहां पांच से अधिक लोग एक साथ दिखाई दे रहे हैं या कोई व्यक्ति संदिग्ध दिखाई दे रहा है, वहां उनसे पूछताछ की जा रही है। दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर लगभग दो हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं।
तैनाती सिर्फ बैरिकेड और जवानों तक सीमित नहीं है। बड़े पानी के टैंकरों के साथ कई बसें, एंबुलेंस और क्रेन भी बॉर्डर के आसपास खड़ी की गई हैं। एंबुलेंस की मौजूदगी से यह भी लगता है कि किसी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने की तैयारी की गई है। मौके पर बसों की तैनाती भी की गई है। फिलहाल पुलिस हाई अलर्ट पर है। अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद तस्वीर और साफ होगी। इस बीच जो लोग नोएडा से दिल्ली या दिल्ली से नोएडा की ओर जाने वाले लोगों के लिए पुलिस द्वारा कुछ दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। बॉर्डर पर चेकिंग के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी है और जाम की स्थिति बनी हुई है। इसलिए घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की ताजा जानकारी जरूर देख लें और वैकल्पिक रास्ते का प्रयोग करें। नोएडा पुलिस ने आम लोगों से पहचान पत्र साथ रखने की अपील की है।
रिपोर्टर- यूनुस आलम (नोएडा)
























