सेमीकॉन इंडिया 2026: में बोले पीएम "भारत विकास के रास्ते पर तेजी से दौड़ रहा है" - Nation27 >

नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेमीकॉन इंडिया 2026 के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। 17 से 19 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में 52 देशों की 300 से अधिक कंपनियां, निवेशक, नीति-निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। इस बार आयोजन की थीम रखी गई है- ‘सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम’, जो भारत की बढ़ती तकनीकी महत्वाकांक्षा को दर्शाती है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बताया कि भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के पहले चरण में 8 अरब डॉलर के निवेश का लक्ष्य रखा गया था, जिसे अब दूसरे चरण में बढ़ाकर 30.5 अरब डॉलर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी इस क्षेत्र में वैश्विक कंपनियों के बढ़ते भरोसे का प्रमाण है। साथ ही उन्होंने देश में फैबलेस कंपनियों को तेजी से बढ़ावा देने और एआई इकोसिस्टम को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि अगर पिछले 15 दिनों पर ही नजर डाली जाए, तो अंदाजा लग जाता है कि भारत किस तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसी सिलसिले में मुंबई में हाल ही में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का जिक्र किया, जहां एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे विषयों पर चर्चा हुई थी। उन्होंने देश की 7.8 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ और वैश्विक रेटिंग एजेंसियों की सराहना का भी उल्लेख किया, साथ ही हाल के ब्रिक्स सम्मेलन में भारत की मजबूत मौजूदगी का जिक्र भी किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए देश का हर नागरिक पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में इस तरह की छलांग लगाना किसी भी देश के लिए आसान नहीं होता, और इस सफलता में हर हितधारक की अहम भूमिका रही है। सेमीकॉन इंडिया 2026 का आयोजन इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वैश्विक उद्योग संघ SEMI के संयुक्त प्रयासों से किया जा रहा है। इसका मकसद सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश, नवाचार और तकनीकी सहयोग के लिए एक साझा मंच तैयार करना है। यह आयोजन साफ संकेत देता है कि भारत अब सिर्फ चिप बनाने की क्षमता नहीं दिखा रहा, बल्कि पूरे इकोसिस्टम को अपनी रफ्तार से आगे बढ़ा रहा है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version