लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नायकों में शामिल रहे कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए जमकर निशाना साधा। उन्होंने PDA को लेकर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग समय के साथ अपनी विचारधारा और शब्दों के अर्थ भी बदलते रहते हैं।

सीएम योगी ने कहा कि पहले PDA में ‘P’ का मतलब पिछड़ा बताया गया, फिर इसकी परिभाषा बदलकर ‘पंडित’ कर दी गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसी तरह रंग बदलते रहे तो एक दिन ‘P’ का मतलब पाकिस्तान भी बता दिया जाएगा। योगी के इस बयान को अखिलेश यादव की PDA राजनीति पर सीधा हमला माना जा रहा है।

कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के बहाने सीएम योगी ने सपा पर बाबूजी के निधन के समय संवेदना नहीं जताने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह के निधन पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने शब्दों से भी संवेदना व्यक्त नहीं की। योगी ने इसे केवल कल्याण सिंह का अपमान नहीं, बल्कि जातीय अपमान और सनातन हिंदू समाज का अपमान बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के निधन के कार्यक्रमों में वह स्वयं शामिल हुए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कल्याण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सभी कार्यक्रम छोड़कर लखनऊ आए थे। वहीं, अंतिम संस्कार में वह स्वयं और उनकी पूरी कैबिनेट मौजूद थी।

सीएम योगी ने कहा कि कल्याण सिंह ने राम मंदिर आंदोलन और सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने उनके योगदान को याद करते हुए विपक्ष की राजनीति पर भी तीखा प्रहार किया।

रिपोर्ट- अभिषेक कुमार पांडेय

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version