कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने 24 घंटे में महिला की हत्या का केस सुलझा लिया है। दरअसल सोमवार को महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह मामला छावनी थाना क्षेत्र के सत्ती चौरा का है जहां महिला को गोली मारी गई थी.
पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद कर मामले का खुलासा कर दिया है।
30 अगस्त को पुलिस ने दर्ज किया था हत्या का केस
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त को महिला की हत्या के संबंध में थाना छावनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
सुरागरसी और पतारसी के दौरान पुलिस टीम ने 1 सितंबर को छबीलेपुरवा मोड़ स्थित बारात घर के पास से संतोष निषाद उर्फ कल्लू (30) और विनोद निषाद उर्फ मोदी (23) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी ग्राम कल्लूपुरवा कटरी पीपरखेड़ा (उन्नाव) के रहने वाले हैं।
315 बोर का एक तमंचा, जिंदा कारतूस बरामद
आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UP35BZ057 बरामद की गई है. बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी जोड़ी गई है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट के सामने पेश करने के बाद जिला कारागार भेज दिया है.
इसको लेकर डीसीपी शिवा सिंह ने बताया कि महिला के पति संतोष का अपने ससुराल वालों से झगड़ा हुआ था जिसके बाद वो अपने घर आया और रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद सब वहां पहुंचे और चांदनी से इनका झगड़ा हुआ. दोनों तरफ के लोगों में बहस होने लगी जिसके बाद संतोष के साथ आए शख्स ने महिला को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
रिपोर्ट: श्रीराम


