Mirzapur News: शहर कोतवाली क्षेत्र के नारघाट इलाके में बच्चा चोरी की आशंका को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार संदिग्ध युवक कथित रूप से बच्चों को अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद लोगों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्साए लोगों ने दोनों संदिग्धों को जबरन घेर कर बैठा लिया। इसके बाद किसी ने घटना की सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस दोनों संदिग्धों को कोतवाली लेकर गई, जहां दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अब तक पुलिस ने बच्चा चोरी की घटना या आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला वास्तव में बच्चा चोरी का है या किसी गलतफहमी अथवा अन्य कारण से विवाद उत्पन्न हुआ। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून अपने हाथ में लेने के बजाय किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट- रामलाल साहनी/मिर्जापुर


