मुजफ्फरनगर : यूपी में आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार देर रात मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया।

बुढ़ाना क्षेत्र स्थित अकबर मिल्क चिलिंग सेंटर पर छापेमारी के दौरान टीम को मौके पर केमिकल और कास्टिक सोडे की मदद से नकली दूध तैयार किए जाने के सबूत मिले। टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री और रसायन बरामद किए।

10 किलो कास्टिक सोडा बरामद

खाद्य विभाग की टीम ने मौके से दूध, मिल्क पाउडर, घी, क्रीम और केमिकल समेत कई पदार्थ जब्त किए। कार्रवाई के दौरान करीब 14,500 लीटर दूध, 235 किलो मिल्क पाउडर, 10 किलो घी, 70 किलो क्रीम, 10 किलो कास्टिक सोडा और 48 लीटर तरल केमिकल बरामद किया गया।

इसके अलावा मौके पर मिले 200 किलो मिल्क पाउडर के घोल को नष्ट कराया गया। टीम ने जांच के लिए कुल 10 सैंपल भी लिए हैं, जिनमें पांच दूध, एक घी, एक क्रीम, एक एसएमपी (स्किम्ड मिल्क पाउडर) और दो केमिकल के सैंपल शामिल हैं।

खाद्य अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के दौरान दूध, मावा और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने बताया कि अकबर मिल्क चिलिंग सेंटर पर कार्रवाई के दौरान केमिकल और एसएमपी समेत कई संदिग्ध पदार्थ मिले हैं, जिनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

फैक्ट्री मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज

खाद्य विभाग ने फैक्ट्री का संचालन तत्काल बंद करा दिया है। वहीं फैक्ट्री मालिक अकबर के खिलाफ बुढ़ाना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के समय मिलावटखोरी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। जहां भी संदिग्ध या मिलावटी खाद्य सामग्री मिलने की सूचना मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: दीपक वत्स

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version