पाकिस्तान से संचालित 400 सोशल मीडिया हैंडल ब्लॉक, दिल्ली पुलिस ने किए बड़े खुलासे नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर भ्रामक और फर्जी जानकारी फैलाने का बड़ा मामला सामने आया है। शनिवार को दिल्ली पुलिस ने एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस ‘डिजिटल साजिश’ का पर्दाफाश किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पड़ोसी देश पाकिस्तान से संचालित कई सोशल मीडिया हैंडल प्रदर्शन की आड़ में देश में अस्थिरता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
पाकिस्तानी अकाउंट्स का नापाक खेल डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दिल्ली पुलिस की साइबर सेल और अन्य खुफिया एजेंसियां सोशल मीडिया पर बारीकी से नजर रख रही हैं। जांच में यह पुष्टि हुई है कि पाकिस्तान से ऑपरेट होने वाले कई अकाउंट्स का इस्तेमाल सुनियोजित तरीके से फेक न्यूज फैलाने के लिए किया जा रहा है। ये अकाउंट्स भ्रामक जानकारी, एडिटेड तस्वीरें और डीपफेक वीडियो के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
400 से अधिक हैंडल किए गए ब्लॉक पुलिस के अनुसार, अब तक 400 से ज्यादा ऐसे सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान की गई है, जो एआई (AI) जनरेटेड कंटेंट और फर्जी विजुअल्स का इस्तेमाल कर रहे थे। इन सभी हैंडल्स को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से ब्लॉक करवा दिया गया है। डीसीपी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और ऐसी गतिविधियों में शामिल अन्य अकाउंट्स की पहचान की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के बयानों से छेड़छाड़ जांच में यह भी सामने आया है कि इन अकाउंट्स ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के आधिकारिक बयानों को भी एडिट किया और विजुअल कंटेंट के साथ छेड़छाड़ की ताकि भड़काऊ संदेश फैलाए जा सकें। गौरतलब है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी इसी प्रकार के विदेशी हैंडल सक्रिय पाए गए थे, जो एक पैटर्न की ओर इशारा करते हैं।
पुलिस की अपील दिल्ली पुलिस ने नागरिकों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी असत्यापित या भड़काऊ कंटेंट को बिना पुष्टि किए साझा न करें। पुलिस ने कहा कि अफवाह फैलाने वाले और डिजिटल माध्यमों से समाज में वैमनस्य पैदा करने वाले तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

