मथुरा: यूपी के मधुरा में धर्म गुरु प्रेमानंद जी महाराज (Premanand Maharaj) से दीक्षा लेने के लिए घर से निकला 16 साल का नाबालिग मयंक सिंह चौहान उर्फ मन्नू करीब दो महीने से लापता है। बेटे के अचानक गायब होने के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बेटे के लिए दर-दर भटक रहे पिता
पिता चंद्रपाल सिंह लगातार मथुरा-वृंदावन के आश्रमों और संभावित ठिकानों पर बेटे की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। कासगंज की आवास विकास कॉलोनी निवासी चंद्रपाल सिंह के अनुसार उनका 16 साल का बेटा मयंक सिंह चौहान बीते 7 अगस्त 2026 की देर रात करीब 1:30 बजे बिना बताए घर से निकल गया।
इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के साथ ही मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना क्षेत्र में भी उसकी तलाश शुरू की। परिजनों का कहना है कि मयंक यूट्यूब पर प्रेमानंद जी महाराज के वीडियो देखा करता था और उनसे प्रभावित होकर दीक्षा लेने की इच्छा जताता था।
मथुरा-वृंदावन में बेटे को ढूंढ रहा परिवार
इसी वजह से परिवार को आशंका हुई कि वह मथुरा-वृंदावन के किसी आश्रम में पहुंचा हो सकता है। बेटे की तलाश में पिता चंद्रपाल सिंह कई आश्रमों के चक्कर लगा चुके हैं। बताया गया कि वह केली कुंज और छटीकरा-जैंत मार्ग स्थित नए आश्रम में भी बेटे की तलाश में पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। काफी प्रयासों के बावजूद मयंक के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
समय बीतने के साथ पिता की चिंता बढ़ती जा रही है। करीब दो महीने बाद भी बेटे का कोई पता नहीं चलने पर चंद्रपाल सिंह ने पुलिस से गुहार लगाते हुए मयंक की सकुशल बरामदगी और उससे मिलवाने की अपील की है। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब परिजनों को उम्मीद है कि पुलिस की जांच के बाद उनके बेटे का जल्द पता चल सकेगा और वह सकुशल घर लौट आएगा।
























