यूपी समेत पूरे देशभर में भाई-बहन के प्रेम और स्नेह के त्योहार रक्षाबंधन को धूमधाम से मनाया जा रहा है। हालांकि इस दौरान रक्षाबंधन को लेकर यूपी के रामपुर में एक अनोखी घटना देखने को मिली जहां राखी बंधवाने के बाद जिला कलेक्टर ने छात्रों के पांव छूकर उनसे आशीर्वाद लिया और फिर उन्हें उपहार दिया।
रामपुर के कलेक्टर अजय कुमार द्विवेदी ने प्राइमरी स्कूल पहुंचकर छात्राओं से अपनी कलाई पर राखी बंधवाई। वहीं उन्होंने इस मौके पर राखी बांधने वाली छात्राओं और अध्यापिकाओं के पैर भी छुए। रक्षाबंधन पर छात्राओं के पैर छूने को लेकर जब उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘हमारे समाज में बच्चियों को शक्ति का स्वरूप माना जाता है और घर में परंपरा है कि बहन छोटी हो या बड़ी उनके पैर छूने चाहिए।’
DM ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद
बता दें कि रामपुर के कलेक्टर अजय कुमार द्विवेदी अक्सर अपनी कार्यशैली और संस्कारों से सभी को प्रभावित करते रहते हैं। रक्षाबंधन को लेकर उनके द्वारा शहर से कुछ ही दूरी पर मौजूद शादी की मडैया गांव के प्राइमरी स्कूल पहुंचे जहां उन्हें देखते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
इसके बाद उन्होंने स्कूल में कई छात्राओं से बारी-बारी अपनी कलाई पर राखी बंधवाई और फिर अपने संस्कारों की मिसाल पेश करते हुए उनके पैर भी छुए. यही नहीं इसी क्रम में स्कूल में तैनात कुछ अध्यापिकाओं ने भी उनको राखी बांधी, कलेक्टर ने उनके भी पैर छुए. अंत में कलेक्टर ने सभी का आभार व्यक्त किया और उनके बीच बैठकर खीर भी खायी.
डीएम की अब खूब हो रही तारीफ
वहीं स्कूल के दौरे के बाद मीडिया से बात करते हुए कलेक्टर अजय कुमार द्विवेदी ने जहां रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार को लेकर अपनी खुशी का इजहार किया वहीं इस त्योहार के मौके पर अपनी बहनों से दूर रहने की कसक भी उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रही थी. फिलहाल कलेक्टर अजय कुमार द्विवेदी के इस व्यवहार की जमकर सरहाना हो रही है.
रिपोर्ट : मुजस्सिम खान

