बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी जिससे मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक इस सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो सगे भाई थे। मृतकों की पहचान मंसूरपुर गांव के रहने वाले हीरालाल और दिनेश के रूप में हुई है। उस बाइक पर एक तीसरा शख्स भी सवार था.
हादसे में दो भाइयों की मौत, तीसरी की हालत गंभीर
हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक घायल को अस्पताल में भर्ती कराया जहां वो जिंदगी की जंग लड़ रह हैं।
घटना को लेकर बताया जा रहा है बाइक पर सवार होकर तीनों युवक दस्तावेज बनवाने तहसील जा रहे थे। इनमें से दो सगे भाई थे जिनकी मौत हुई है और तीसरा अस्पताल में है जिसकी हालत गंभीर है।
वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह हादसा खुर्जा नगर क्षेत्र में फल-सब्जी मंडी के पास हुआ।
ट्रेन से कटकर मौत
वहीं एटा के मारहरा में ट्रेन हादसे का खौफनाक मंजर सामने आया है। हाथ पर गुदे नाम से मृतक की पहचान हुई है। सुल्तानपुर फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ है। हाथ पर गुदे नाम से मृतक की पहचान भोला शंकर के रूप में हुई है। खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे भाई विजेंदर और पत्नी रूपवती का रो रोकर बुरा हाल है।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रेन की चपेट में कैसे आया भोला शंकर? इसकी अभी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस हादसा और आत्महत्या दोनों एंगल्स से मामले की जांच में जुटी है। यह घटना मारहरा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर फाटक की है।


