लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के बाद योगी सरकार फुल एक्शन मोड में है। बीते 24 घंटे में 8 अलग-अलग जगहों पर पुलिस ने बदमाशों का एनकाउंटर किया है। बीते दिनों ही सीएम योगी ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि अगर प्रदेश में कोई माफिया या बदमाश फिर सिर उठाने की कोशिश करेगा तो उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा। इसी के बाद से यूपी पुलिस विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर एक्शन में नजर आ रही है।
मारे गए अंकित बालियान के हत्यारे
सबसे पहले अंकित हत्याकांड मामले में पुलिस ने दो शार्प शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया है, जबकि फरार दो शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ की माने तो पूरे घटनाक्रम में 6 लोग शामिल थे, गोगी गैंग ने यूपी में पहली बार ऐसी घटना को अंजाम दिया है। घटना के करीब पांच दिन बाद शामली की सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के लिए विशेष अभियान चलाया था। इसी दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में दोनों आरोपी सुमित और मोहित मारे गए। गैंग के बारे में अभी तफ्तीश जारी है।
कुशीनगर में मुठभेड़
इसके बाद कुशीनगर में 50 हजार के इनामी बदमाश आशु यादव से पुलिस की मुठभेड़ हुई जिसमें उसके पैर में गोली लगी है। इसके बाद आरोपी को अस्पताल में भर्ती किया गया है। आरोपी आशु यादव से सरकारी पिस्टल, मैगजीन के साथ 8 कारतूस बरामद किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक आशु यादव दारोगा की पिस्टल लेकर भाग रहा था। गिरफ्तारी के बाद आशु ने पेट दर्द का बहाना बनाया जिसके बाद अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दारोगा का पिस्टल निकालकर भागने लगा। उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की जिसके बाद जवाबी कार्यवाही में आशु के पैर में गोली लगी है।
बागपत में भी मुठभेड़
बागपत के खेकड़ा कोतवाली पुलिस ने बड़ागांव के पास से चेकिंग अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाश नलकूप उपकरण चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त शहजाद बिना नंबर प्लेट लगी बाइक पर बड़ा गांव में पहुंचा था जहां पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शहजाद ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दिया और मौके से फरार होने की कोशिश की, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक अवैध मोटरसाइकिल और 15 किलो चोरी किया गया है।
बुलंदशहर में 25 हजार के इनामी बदमाश का एनकाउंटर
बुलंदशहर के कोतवाली खुर्जा नगर में पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हुई है। पुलिस मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की दोनों पैरों में गोली लगने से बदमाश चेतन घायल हो गया। बदमाश चेतन ने पूतताछ में बताया 11 दिन पहले हुई लॉ छात्र अंकुर चौधरी मारपीट की थी. लॉ के छात्र अंकुर चौधरी की 29 अगस्त को इलाज के दौरान फोर्टिस अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस की मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए बदमाशों से 1 मोटर साइकिल, 1 तमंचा 315 बोर, 2 खोखा कारतूस,1 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
मुजफ्फरनगर में गौ तस्करों से मुठभेड़
मुज़फ्फरनगर में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ मे शातिर गौ तस्कर शोएब घायल हुआ है। 3 गौ तस्करों को जंगल से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक ये सभी गौकशी की घटना क़ो अंजाम देने पहुंचे थे। इसी दौरान जावेद अफसर और उम्मेद को जंगल से गिरफ्तार किया गया है। फरार तस्करों की तलाश में पुलिस जंगल में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है।
मिर्जापुर में गौ तस्करों का एनकाउंटर
मिर्जापुर में पुलिस और गौकशी करने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस के मुताबिक प्याजगढ़ पुलिया के पास आम के बाग में गोकशी की तैयारी चल रही थी लेकिन इसी दौरान पुलिस पहुंच गई जिसके बाद आरोपियों ने फायरिंग कर दी। गौकशी की कोशिश कर रहे आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, 2 जिंदा कारतूस, 1 खोखा बरामद किया गया है। आरोपियों से गौकशी के उपकरण, एक जिंदा गोवंश और 600 रुपये नकद भी मिले।
ये भी पढ़ें: योगीराज में अपराधियों की खैर नहीं, अंकित बालियान हत्याकंड में दो आरोपी ढेर
सहारनपुर में बदमाश से मुठभेड़
सहारनपुर देहात कोतवाली पुलिस की चोरी के मुकदमे में वांछित बदमाश के साथ मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से 1शातिर बदमाश मेहरबान घायल हुआ है जिसके बाद पुलिस ने उसके 2 साथी को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार 2 साथियों में से एक बदमाश भूरा हिस्ट्रीशीटर बदमाश है और 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बदमाशों के पास से पुलिस 1अवैध तमंचा, 1जिंदा 1 खोखा कारतूस , फैक्ट्री से चोरी किया गया समान किया बरामद किया है।
जौनपुर में 4 शातिर चोर गिरफ्तार
जौनपुर के लाइन बाजार पुलिस ने 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार है। आरोपियों से तमंचा-कारतूस, चाकू, चोरी का सामान और 18,500 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का कई चोरी की घटनाओं से जुड़ाव रहा है। जौनपुर और आजमगढ़ में 7 चोरी की घटनाओं का इस मामले से खुलासा हुआ है।
बीते दिनों सीएम योगी के बयान और उसके बाद पुलिस की बदमाशों के खिलाफ इस कार्रवाई से साफ है की बीजेपी सरकार राज्य में चुनाव से पहले किसी भी कीमत पर अपराध का ग्राफ को बढ़ने देना नहीं चाहती है.
रिपोर्ट: कुणाल कौशल


