बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर (Bijnor) में किसान की जंगल मे खून से सनी लाश मिलने के बाद अब पुलिस ने हत्या के इस मामला का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए बताया कि जमीन विवाद के चक्कर में भतीजे ने ही चाचा को मौत के घाट उतार दिया था।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि भतीजे ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर सगे चाचा को गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस की गहन तफ्तीश और मोबाइल सर्विलांस के ज़रिए मर्डर में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जमीन को लेकर था विवाद
बता दें कि 22 अक्टूबर की देर रात को किसान विजयपाल अपने खेतों पर पानी देने गए थे। इसी दौरान ट्रैक्टर पर खून से लथपथ उनकी लाश मिली थी। जंगल में मिली लाश को लेकर पुलिस ने जांच शुरू की तो मृतक के मोबाइल सर्विलांस और कॉल डिटेल्स से कत्ल के सारे राज़ खुलते चले गए।
पुलिस ने जब शक के आधार पर उनके भतीजे प्रिंस को हिरासत में लिया तो पुलिस के सामने प्रिंस की जुबाान लड़खड़ा गई और उसने हत्या से जुड़े सभी राज खोल दिए। दरअसल प्रिंस और मृतक विजयपाल आपस मे सगे चाचा-भतीजे थे।
3 लाख में दी थी हत्या की सुपारी
जमीनी विवाद को लेकर चाचा-भतीजे में विवाद चल रहा था जिसकी वजह से प्रिंस ने तीन लाख रुपए की सुपारी देकर अपने साथियों के साथ सगे चाचा की कत्ल की योजना बना डाली और फिर रात के अंधेरे में प्रिंस ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद मौका-ए-वारदात से सभी कातिल फरार हो गए। पुलिस ने सभी कातिलों को गिरफ्तार कर अवैध तंमचा भी घर से बरामद कर लिया है।
रिपोर्ट : गौरव वर्मा


























