LucknowNews: राम मंदिर चंदा चोरी मामले में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों से चोरी की गई रकम उनकी संपत्तियों से ही वसूली जाएगी। इसके लिए बीएनएसएस की धारा-107 के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस मामले में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता भी हो सकती है, जिन्होंने चढ़ावे की राशि में गड़बड़ी की है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पहचान करने और नए संदिग्धों की तलाश में जुटी है। राम मंदिर में ट्रस्ट की जो रकम आरोपियों ने पार की है, वह उनसे ही रिकवर की जाएगी। नकद बरामदगी के अलावा आरोपियों की संपत्तियों के जरिये उसी की भरपाई होगी। यही वजह है कि पुलिस आरोपियों की उन संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है, जिनको चोरी की रकम के जरिये बनाया गया है। वहीं पुलिस की जांच में करीब पांच और गणनाकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। उनसे पूछताछ जारी है। सुबूतों की तस्दीक करने के बाद गिरफ्तारियां हो सकती हैं।




