वाराणसी: धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी (Varanasi) में मंगलवार को गोवर्धन पूजा महोत्सव के अवसर पर नमो घाट श्रीकृष्ण भक्ति और यादव समाज के उत्साह से सराबोर नजर आया। गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित भव्य समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव शामिल हुए।
गोवर्धन धाम मंदिर का लोकार्पण
इस दौरान उन्होंने नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके बाद विधि-विधान से मंदिर में दर्शन-पूजन कर भगवान श्रीकृष्ण से देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की महिमा निराली है। उनके सानिध्य में आने से अहंकार का अंत होता है। उन्होंने काशी की महिमा का बखान करते हुए कहा कि बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ की नगरी अद्भुत है। यहां आने वाला हर व्यक्ति भक्ति के रंग में रंग जाता है।
इससे पूर्व मंच पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव, मंत्री रविंद्र जायसवाल, मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और ट्रस्ट के अध्यक्ष गोपाल जी यादव ने मुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा भी भेंट की गई।
लहुराबीर से नमो घाट तक निकली भव्य शोभायात्रा
समारोह से पहले लहुराबीर से यादव बंधुओं ने गाजे-बाजे के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। हजारों की संख्या में शामिल यादव बंधु सिर पर केसरिया साफा बांधे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग में ‘जय यादव-जय माधव’ के नारे से वातावरण गूंजता रहा। नमो घाट पर पहुंचकर शोभायात्रा समारोह में शामिल हुई और पूरा परिसर श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में रंग गया।
रिपोर्ट: हरेंद्र शुक्ला


























