झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी (Jhansi) में रील बनाने का जुनून एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के पहूज बांध में 32 साल के युवक ने वायरल वीडियो बनाने के चक्कर में व्यू प्वाइंट की बाउंड्रीवाल से करीब 30 फीट नीचे छलांग लगा दी।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दोनों पैर टूट गए। घटना के वक्त उसके दोस्त वीडियो बना रहे थे, लेकिन युवक के अचानक छलांग लगाने से उनके भी होश उड़ गए। घायल युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
32 साल के पुष्पेंद्र ने बांध में लगाई छलांग
रकसा थाना क्षेत्र के परवाई गांव निवासी 32 साल के पुष्पेंद्र कुमार अपने दोस्तों के साथ पहूज बांध घूमने आया था। सभी लोग व्यू प्वाइंट से बांध का नजारा देख रहे थे और दोस्त मोबाइल से वीडियो बना रहे थे।
बताया जा रहा है कि अच्छा वीडियो बनाने के चक्कर में पुष्पेंद्र व्यू प्वाइंट की बाउंड्रीवाल पर चढ़ गया और अचानक करीब 30 फीट नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया क्यूंकि उस समय डेम के उस स्थान पर पानी कम था। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और वीडियो बना रहे दोस्त भी दहशत में आ गए।
युवक ने अब जानलेवा रील बनाने से किया तौबा
सूचना मिलते ही ग्रासलैंड चौकी प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद पुष्पेंद्र ने भी लोगों से अपील की है कि वह कई सालों से रील बनाने के लिए स्टंट करता रहा है, लेकिन इस घटना के बाद उसने भविष्य में इस तरह की स्टंटबाजी न करने का फैसला लिया है।
उसने लोगों से भी अपनी जान जोखिम में डालकर रील न बनाने की अपील की है। फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह हादसा एक बार फिर बताता है कि सोशल मीडिया पर कुछ सेकेंड के वीडियो के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में डालना कितना भारी पड़ सकता है।
रील बनाने मंदिर की छत पर चढ़ा युवक
इससे पहले यूपी के अमरोहा में भी रील बनाने के लिए एक युवक मंदिर की छत पर चढ़ गया था। सोशल मीडिया पर फेमस होने और लाइक्स बटोरने की सनक में युवक ने धार्मिक स्थल की मर्यादा को ताक पर रख दिया।
अमरोहा शहर के प्राचीन वासुदेव तीर्थ मंदिर परिसर में एक युवक ने रील बनाने के लिए मंदिर की छत से सरोवर में छलांग लगा दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवक मंदिर परिसर की छत पर दिखाई देता है और इसके बाद वह सीधे सरोवर में छलांग लगा देता है। बताया जा रहा है कि युवक ने यह स्टंट सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर लोकप्रियता हासिल करने के लिए किया।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल को महज सोशल मीडिया कंटेंट और स्टंट का जरिया बनाना आस्था और मंदिर की गरिमा के साथ खिलवाड़ है।
रील के चक्कर में कई लोग गंवा चुके हैं जान
हिंदू संगठनों ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल यह है कि कुछ सेकेंड की वायरल रील और चंद लाइक्स के लिए धार्मिक स्थलों की मर्यादा से खिलवाड़ कब तक जारी रहेगा? मामले में प्रशासन से युवक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग उठ रही है। ये कोई पहला मौका नहीं है, इससे पहले कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जिसमें रील के चक्कर में कई लोगों की जान तक चली गई। अभी हाल ही में रील के चक्कर में एक युवक को ट्रेन ने टक्कर मार दी थी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।


