ढाका: बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बांग्लादेश के रंगपुर में एक रिटायर्ड हिन्दू टीचर के पूरे परिवार की निर्ममता से हत्या कर दी गई. अब इस घटना ने लोगों को आक्रोशित कर दिया है। मृतकों की पहचान गणपति चक्रवर्ती ज्वेल (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती बाला (50), बेटी कंडी चक्रवर्ती (25) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है । गणपति रिटायर्ड टीचर थे।
घर से बदबू आने पर हुआ खुलासा
लोगों को पूरे परिवार की हत्या की भनक उस वक्त लगी जब घर के अंदर से बदबू आने लगी. दरअसल गणपति चक्रवर्ती ज्वेल का घर कुछ समय से बाहर से बंद था. बदबू आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई तो चार शव बरामद हुए।
सीढ़ियों पर बेटी, छत पर पिता का शव
इस मामले को लेकर रंगपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारी नजमुल कादेर ने बताया कि गणपति चक्रवर्ती का शव घर की छत से बरामद हुआ जबकि पत्नी प्रीतिलता और बेटी कंडी के शव तीसरी मंजिल की ओर जाने वाली सीढ़ियों पर मिले। वहीं, बेटे प्रियम का शव घर में एक बिस्तर के नीचे मिला।
हिंदू महाजोट ने लगाए गंभीर आरोप
पूरे परिवार की हत्या को लेकर रविवार को ढाका में हिंदू महाजोट के केंद्रीय नेताओं की आपात बैठक हुई। बैठक में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की गई। हिंदू महाजोट के नेताओं ने आरोप लगाया कि 2024 के आंदोलन के बाद यूनुस सरकार और मौजूदा BNP सरकार के कार्यकाल में हिंदू समुदाय को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन का दावा है कि हिंदू समुदाय के लोगों के बीच डर का माहौल है और उन्हें लगातार गंभीर घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। रंगपुर हत्याकांड को लेकर बांग्लादेश नेशनल हिंदू अलायंस ने भी प्रतिक्रिया दी है। संगठन ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
रिपोर्ट : कुणाल कौशल

