अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के बाईपास रोड
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर गुरुवार देर रात को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, एक ही बाइक पर तीन युवक सवार होकर जा रहे थे।
इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान प्रिंस और दीपांशु के रूप में हुई है दोनों अमरोहा शहर के मोहल्ला जयओम नगर के रहने वाले हैं।

सूचना मिलते ही अमरोहा देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। सीओ अवधभान भदौरिया ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही।


