देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमेल गांव में शोक का माहौल है। 22 वर्षीय अभिषेक निषाद की यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास हुए रूसी मिसाइल हमले में मौत हो गई है। कुछ ही दिनों पहले अपनी पारिवारिक आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से अभिषेक ने नाविक के रूप में विदेश जाने का फैसला किया था।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक ने 10 जून को मुंबई स्थित शिपिंग एजेंट के माध्यम से नौकरी ज्वाइन की थी। रविवार को उनका जहाज, जिसमें वह भी सवार था, यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से मक्का (कॉर्न) लेकर सीरिया के लिए रवाना हुआ था। इसी बीच, जहाज पर रूसी मिसाइल हमला हुआ, जिससे आग लग गई और कई चालक दल के सदस्य इसकी चपेट में आ गए।
आधी रात को मुंबई स्थित शिपिंग कंपनी के एजेंट ने अभिषेक के पिता को फोन कर उनके बेटे की मौत की खबर दी। यह खबर सुनते ही पूरे घर में कोहराम मच गया। परिजन अब उनके पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया में लगे हैं। मां का रो-रो कर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों ने भारतीय दूतावास, संबंधित अधिकारियों और शिपिंग कंपनी से अभिषेक का शव जल्द से जल्द भारत लाने की मांग की है। इस खबर से पूरे इलाके में दुख की लहर है और लोग शोक व्यक्त कर रहे हैं। अभिषेक की मौत से परिवार गहरे सदमे में है, और पूरे गांव में शोक का माहौल है।


