RajasthanNews : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का काम किया है. केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार (13 जून) को राज्य में हो रहे विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी. सीएम ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, वहीं राजस्थान भी तेजी से प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है. जयपुर में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, ”पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का काम किया है.” उन्होंने डिजिटल इंडिया, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं को आमजन के जीवन स्तर में सुधार का बड़ा माध्यम बताया.
सीएम ने किया राजस्थान की आर्थिक प्रगति का जिक्र, विकास के नए आंकड़े किए साझा
मुख्यमंत्री ने राजस्थान की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी हुई है. उन्होंने दावा किया कि एक समय 69 हजार रुपये के आसपास रहने वाली प्रति व्यक्ति आय अब बढ़कर 2 लाख 5 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है.


