लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 3,446 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिवों को भी नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यमंत्री प्रताप सिंह, बलदेव सिंह औलख तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले छह महीने के भीतर एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।
मुख्य बिंदु:
– इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हुआ नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम।
– 3,446 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित।
– 126 नवनियुक्त मंडी सचिवों को भी मिला नियुक्ति पत्र।
– अगले 6 महीने में 1 लाख नौकरियां देने का सीएम योगी का ऐलान।
– पारदर्शी और आरक्षण नियमों के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया पर जोर।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ नियुक्ति प्रक्रिया को संपन्न कराया है, उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बिना भेदभाव, आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करना चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन सरकार ने इसे सफलतापूर्वक किया है।
सीएम योगी ने कहा, “जब हम बिना किसी भेदभाव के योग्य अभ्यर्थियों का चयन करते हैं, तो उसका लाभ पूरे प्रदेश को मिलता है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं का विश्वास बढ़ा है और नियुक्ति पत्र प्राप्त कर उनके चेहरे खिल उठे हैं।”
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में भी उत्साह देखने को मिला। कई अभ्यर्थियों ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण दिन बताते हुए प्रदेश सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की सराहना की है।
रिपोर्ट -अश्वनी अवस्थी, संवाददाता, लखनऊ
