अभिनेता सनी देओल की चर्चित फिल्म ‘Lahore 1947’ अब ‘Batwara 1947’ के नाम से सिनेमाघरों में दस्तक देगी। हाल ही में फिल्म का पहला मोशन पोस्टर जारी किया गया है। आमिर खान प्रोडक्शन और सनी देओल ने सोशल मीडिया के जरिए इस पोस्टर को शेयर किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है।
पोस्टर में 1947 के बंटवारे के दौर की झलक दिखाई गई है, जो उस समय के दर्द, बिछड़ते रिश्तों और उथल-पुथल भरे माहौल को दर्शाती है। फिल्म के नए नाम और फर्स्ट लुक ने दर्शकों के बीच इसकी रिलीज को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
पोस्टर में दिखाए गए दृश्य इस बात का संकेत देते हैं कि फिल्म सिर्फ ऐतिहासिक घटनाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन भावनाओं और मुश्किलों को भी दिखाएगी, जिनका सामना बंटवारे के समय लाखों लोगों ने किया था।
फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, जबकि इसके निर्माता आमिर खान हैं। वहीं, सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा भी अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। काफी लंबे समय बाद दोनों कलाकारों को एक साथ स्क्रीन पर देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं।
फिल्म का नया नाम ‘Batwara 1947’ कहानी के मूल विषय को और अधिक प्रभावी ढंग से सामने लाता है। माना जा रहा है कि यह फिल्म बंटवारे की पृष्ठभूमि में इंसानी रिश्तों, दर्द, विस्थापन और उम्मीद की एक भावनात्मक कहानी पेश करेगी। फर्स्ट लुक के बाद अब दर्शकों को इसके ट्रेलर और रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार है।

