नई दिल्ली: गांजा पीकर विमान उड़ाने वाले एयर इंडिया के पायलट पर गाज गिर गई है। एयरलाइंस ने एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।
दरअसल 4 अगस्त को एयर इंडिया की फ्लाइट थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही थी। अचानक झटके के बाद विमान काफी नीचे आ गया जिससे यात्रियों को काफी चोटें आई और क्रू मेंबर भी घायल हो गए थे। इस घटना के बाद एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने मामले की जांच शुरू की थी।
एयर इंडिया ने जांच पर क्या कहा ?
इस जांच की रिपोर्ट आने के बाद एयर इंडिया ने शुक्रवार को बयान जारी कर बताया कि इस उड़ान के पायलट-इन-कमांड (PIC) की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। यह फैसला उस समय लिया गया जब विमान के पायलट का कन्फर्मेटरी टेस्ट साइकोएक्टिव पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाया गया।
एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कंपनी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सुरक्षा, फिटनेस या नियामकीय नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसी नीति के तहत पायलट को नौकरी से हटाने का फैसला लिया गया।
विमान में अचानक आई थी तकनीकी खराबी
रिपोर्ट के अनुसार, फुकेत से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इस फ्लाइट ने भारतीय समयानुसार सुबह 7:11 बजे उड़ान भरी थी। शुरुआत में विमान में किसी तरह की समस्या की सूचना नहीं थी। सुबह करीब 9:10 बजे विमान कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल के क्षेत्र में पहुंचा।
इसके कुछ देर बाद सुबह 9:32 बजे विमान के फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम ने पहले ग्रीन हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी दर्ज की। इसके चार सेकंड बाद ब्लू और येलो हाइड्रोलिक सिस्टम के फेल होने का अलर्ट भी मिला। हाइड्रोलिक सिस्टम विमान के कई महत्वपूर्ण हिस्सों को नियंत्रित करते हैं, जिनमें ब्रेक, लैंडिंग गियर, नोज व्हील स्टीयरिंग और फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम शामिल हैं।
जांच में गांजा पीने की हुई थी पुष्टि
AAIB के मुताबिक, इस दौरान विमान ने अचानक ऊंचाई में बदलाव किया। विमान पहले करीब 372 फीट ऊपर गया और फिर अपनी निर्धारित ऊंचाई FL360 से लगभग 292 फीट नीचे आ गया। इस घटना में 20 यात्री और 4 क्रू सदस्य घायल हुए थे। विमान ने इसके बाद सुरक्षित लैंडिंग की थी.
AAIB ने इस मामले में DGCA को भी सलाह दी है कि साइकोएक्टिव पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। एजेंसी ने इसे विमानन सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया है.
रिपोर्ट: कुणाल कौशल

