नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में एक बड़ा हादसा हुआ है। धौला कुआं के पास सत्य निकेतन में एक इमारत ढह गई है। फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत के गिरने की सूचना मिली थी।

बताया जा रहा है यह पांच मंजिला इमारत थी। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है।

वहीं इस घटना को लेकर दिल्ली पुलिस ने कहा, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास एक इमारत ढह गई है। बचाव कार्य जारी है। स्थिति स्पष्ट होने पर और जानकारी मिलेगी।

तीन बच्चों को सुरक्षित निकाला गया

रिपोर्ट के मुताबिक इस इमारत में पीजी चलाई जा रही थी. हादसा इतना भीषण था कि आसपास के लोग भी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक इमारत के ऊपरी मंजिल पर छात्र रुके हुए थे। अभी तक के रसेक्यू ऑपरेशन में तीन बच्चों को बाहर निकाला गया है।

आरके पुरम के विधायक मौके पर पहुंचे

हादसे के बाद आरके पुरम के विधायक अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेने के बाद कहा कि ये बेहद दुखद घटना है। इससे ज्यादा दिल दहलाने वाला कुछ नहीं हो सकता है।

छात्र अलग-अलग जगहों से इन इमारतों में बने पीजी में पढ़ने और रहने आते हैं। अभी यह बताना मुश्किल है कि इस इमारत में कितने छात्र थे। चाहे वो पांच हो या दस या बीस लेकिन हमें अभी सही नंबर पता नहीं है। साथ ही विधायक ने ये भी कहा कि एनडीआरएफ और एमसीडी की टीमों ने दो छात्रों को बचा लिया और बाकी लोगों की तलाश की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version