Delhi Incident: Massive fire breaks out at a hotel; chaos escalates as three gas cylinders explode

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी-गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास स्थित पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट में रविवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना सुबहgovind करीब 4:45 बजे की बताई जा रही है। रेस्टोरेंट एच-ब्लॉक कालकाजी में, अंजली ज्वैलर्स और देशबंधु गुप्ता कॉलेज के नजदीक स्थित है।
तीन कॉमर्शियल LPG सिलेंडरों में हुआ विस्फोट..
आग के दौरान रेस्टोरेंट में रखे तीन कमर्शियल LPG सिलेंडर एक-एक कर फट गए, जिससे आग और भड़क गई। विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और इसकी जांच की जा रही है।
दमकल विभाग ने बढ़ाया राहत अभियान..
सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने शुरुआत में 2 वाटर टेंडर, 3 वाटर बाउजर और 1 ब्रेथिंग सपोर्ट यूनिट को मौके पर भेजा। आग की गंभीरता को देखते हुए सुबह 5:05 बजे “मेक-4” कॉल घोषित की गई, जिसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी घटनास्थल पर रवाना किया गया।
70 वर्षीय महिला को सुरक्षित निकाला गया..
राहत और बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मियों ने इमारत की दूसरी मंजिल पर फंसी करीब 70-75 वर्षीय सीता देवी को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते बचाव कार्य किए जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल घटनास्थल पर 9 दमकल वाहन तैनात किए गए, जिनमें 3 वाटर टेंडर, 4 वाटर बाउजर, 1 ब्रेथिंग सपोर्ट यूनिट और 1 मल्टीपर्पज वाहन शामिल हैं। दमकल अधिकारियों के अनुसार आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, जबकि कूलिंग ऑपरेशन अभी भी जारी है।
आग के कारणों की जांच शुरू..
घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version