बृजभूषण शरण सिंह: महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में अदालत से राहत मिलने के बाद भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के गोंडा में अपनी ताकत का बड़ा प्रदर्शन किया। अयोध्या से गोंडा तक निकली ‘सत्यमेव जयते सम्मान यात्रा’ में हजारों समर्थक शामिल हुए। पूरे रास्ते जयकारों, ढोल-नगाड़ों, फूलों की बारिश और आतिशबाजी के बीच उनका स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने मंच से कहा, “अगर मैं झुक जाता तो मेरे किरदार का कत्ल हो जाता। मैंने हर मुश्किल का सामना किया, लेकिन सच का साथ नहीं छोड़ा।” उनके इस बयान के बाद समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की।

अयोध्या से हुई यात्रा की शुरुआत

सुबह बृजभूषण शरण सिंह चार्टर्ड विमान से अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी पहुंचे। आरती का समय होने की वजह से उन्होंने बाहर से ही दर्शन किए और संतों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह खुली जीप में सवार होकर नंदिनी नगर महाविद्यालय के लिए रवाना हुए।

रास्ते में जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे। कई स्थानों पर जेसीबी मशीनों से फूल बरसाए गए। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए खड़े नजर आए। यात्रा में सैकड़ों कारें, बाइक और अन्य वाहन भी शामिल रहे, जिससे पूरा रास्ता समर्थकों के काफिले से भरा दिखाई दिया।

समर्थकों में दिखा उत्साह

यात्रा के दौरान माहौल पूरी तरह चुनावी रैली जैसा दिखाई दिया। समर्थक हाथों में झंडे और बैनर लेकर चल रहे थे। कई जगह पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर आतिशबाजी भी की गई। लोग लगातार “सत्यमेव जयते” और बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में नारे लगाते रहे।

आरोपों को बताया राजनीति से प्रेरित

अपने संबोधन में बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा था और है। उन्होंने दावा किया कि सच आखिरकार सामने आया और उन्हें राहत मिली।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

यात्रा में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। पूरे रूट पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई और यातायात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।

सियासी हलकों में बढ़ी चर्चा

अदालत से राहत मिलने के तुरंत बाद इस तरह का शक्ति प्रदर्शन राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है। बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी और पूरे आयोजन को लेकर इसे आने वाले समय की राजनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह ने अपने संबोधन में इसे सम्मान यात्रा बताते हुए कहा कि यह उनके समर्थकों का प्यार और विश्वास है, जिसने उन्हें हर मुश्किल वक्त में मजबूती दी।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version