Trending Topics:
बसपा सुप्रीमो मायावती राजधानी में राज्यस्तरीय बैठक कर रही हैं, जिसमें उत्तर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इस बैठक में आकाश आनंद और आनंद कुमार भी मौजूद हैं। राजधानी लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित आवास पर रविवार को बसपा सुप्रीमो मायावती राज्य स्तरीय बैठक कर रही हैं। इस बैठक में आकाश आनंद और आनंद कुमार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए हैं। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है।

बसपा सुप्रीमो का कांग्रेस को जवाब, बैठक में हो सकता है बड़ा संकेत 

माना जा रहा है कि मायावती आज की बैठक में कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे सकती हैं। हालांकि बसपा सुप्रीमो पहले ही यह साफ कर चुकी हैं कि पार्टी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने के पक्ष में है और गठबंधन की अटकलों को उन्होंने खारिज किया था, लेकिन कांग्रेस की ओर से प्रयास जारी हैं। कांग्रेस के एससी-एसटी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम और सांसद तनुज पुनिया ने चार दिन पहले मायावती से मुलाकात की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इस घटनाक्रम के बाद दोनों दलों के बीच दूरी और बढ़ती नजर आ रही है। बसपा खेमे में अब इस कोशिश के राजनीतिक असर और नफा-नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस नेता इस मुद्दे पर लगातार सफाई दे रहे हैं। बसपा नेताओं का मानना है कि यह एक सुनियोजित प्रयास था, जिसका मकसद मायावती पर गठबंधन के लिए दबाव बनाना था।

प्रियंका गांधी से मुलाकात की अफवाह, सियासी हलचल तेज 

बसपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस की यह कोशिश बसपा को इंडिया गठबंधन में शामिल करने की रणनीति का हिस्सा थी, ताकि विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ संयुक्त मोर्चा बनाया जा सके। हालांकि उनका मानना है कि अगर यह पहल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व स्तर से होती, तो इसके नतीजे अलग भी हो सकते थे। इस बीच, मायावती के दिल्ली दौरे के दौरान उनकी प्रियंका गांधी से मुलाकात की अफवाह भी चर्चा में रही। इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान भी कांग्रेस की ओर से बसपा को साथ जोड़ने के प्रयास किए जाने की बात सामने आई थी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version