सहारनपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां सेल टैक्स विभाग के डिप्टी कमिश्नर के घर में एक नकाबपोश बदमाश पिस्टल लेकर घुस आया और उनकी पत्नी व बेटी को बंधक बनाने की कोशिश की गई। यह पूरी घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र की चौकी हसनपुर के अंतर्गत आने वाली कॉलोनी पैरामाउंट ट्यूलिप की है। मुजफ्फरनगर में तैनात डिप्टी कमिश्नर अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। घटना उस समय हुई जब डिप्टी कमिश्नर घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान चेहरा ढके एक युवक हाथ में पिस्टल लिए घर में दाखिल हुआ और उसने डिप्टी कमिश्नर की पत्नी और बेटी को पिस्तौल की नोक पर रखकर बंधक बनाने का प्रयास किया। अचानक हुई इस वारदात से घर में मौजूद दोनों महिलाएं दहशत में आ गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
महिलाओं की चीख पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग सतर्क हो गए, लोगों को आता देख नकाबपोश बदमाश घबरा गया और मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा, हालांकि इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर ने तुरंत थाना सदर बाजार पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और नकाबपोश की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है, क्योंकि एक वरिष्ठ अधिकारी के घर में इस तरह की वारदात होना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।ि


