AgraNews: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव दो दिवसीय आगरा दौरे पर पहुंचे हैं। रविवार को उन्होंने विजन इंडिया की बैठक में हिस्सा लिया और छोटे व्यापारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। आगरा के होटल आईटीसी में रविवार को आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी की घटना के बाद यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि अब राम मंदिर और साधु-संतों की जांच अधिकारियों द्वारा की जाएगी। उन्होंने इसे सनातन धर्म का अपमान बताया और कहा कि इससे बड़ा दुर्भाग्य कुछ नहीं हो सकता। अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिर में कैमरे और लाइट बंद करने जैसी बातें भी सामने आती हैं, और ऐसे में भगवान श्रीराम के सामने जो चढ़ावा रखा जाता है, उसे लौटाने की बात भी कही गई। उन्होंने आगे कहा कि इस पूरे मामले में सरकार द्वारा एसआईटी गठित किए जाने पर भी सवाल खड़े होते हैं और इसे लेकर गंभीर चिंताएं जताईं। भाजपा के आगरा के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग मिलने पर सपा मुखिया ने तंज कसा। कहा इतने बड़े नेता थे, उन्हें कौन सा विभाग मिला? सूक्ष्म। वह भी तब, जब उसमें कोई बजट नहीं है। समय से पहले विधानसभा चुनाव होने की अटकलों पर अखिलेश ने कहा कि जो प्रधानी का चुनाव नहीं करा पा रहे हैं, वे नवंबर में चुनाव कराएंगे? ये लोग उलझा रहे हैं। ये सोच रहे हैं कि नवंबर का नाम लेकर समाजवादियों की रणनीति जान लें। हम अपनी रणनीति नहीं बताने वाले। नई पीढ़ी के लोगों से कहना चाहता हूं कि यूपी के विकास का रास्ता समाजवादी ही निकालेंगे।

