AligharNews: यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आज अलीगढ़ में सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा बहुत महत्वपूर्ण है। कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला नुमाइश मैदान पहुंचा। वहां मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ सदर, कोल विधानसभा क्षेत्रों और नगर निगम से जुड़े विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए। मुख्यमंत्री के संबोधन से पहले कोल विधायक अनिल पाराशर और सांसद सतीश गौतम ने भी अपने विचार रखे और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर बात की।
सीएम योगी आदित्यनाथ जनसभा में यह बोले
“भारत माता की जय” और “वृंदावन बिहारी लाल की जय” के उद्घोष के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत में राजा महेंद्र प्रताप सिंह, बाबा खेरेश्वर और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को नमन किया। सीएम योगी ने कहा कि विकास की प्रक्रिया निरंतर आगे बढ़ती रहेगी और अलीगढ़ आने वाले समय में देश की रक्षा और आपूर्ति व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जहां सेना के लिए आवश्यक उपकरण और हथियारों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि अलीगढ़ में लगभग 2800 करोड़ रुपये की पीडब्ल्यूडी परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। विकास को उन्होंने किसी विकल्प के बजाय अनिवार्य प्रक्रिया बताया और कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्य लगातार आगे बढ़ेंगे। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अलीगढ़ में और रुकना चाहते थे, लेकिन लखनऊ में हुए अग्निकांड के कारण उन्हें वहां जाना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे वे अलीगढ़ के लिए और विस्तृत विकास योजनाओं के साथ पुनः आएंगे।
जनसभा से पहले मुस्लिम समुदाय ने लगाए “योगी-मोदी जिंदाबाद” के नारे
नुमाइश मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री की जनसभा में मुस्लिम समुदाय के लोगों की बड़ी संख्या देखने को मिली। सभा स्थल पर पहुंचे कई लोग टोपी पहनकर योगी-मोदी जिंदाबाद के नारे लगाते नजर आए। मुस्लिम समाज के उपस्थित लोगों ने कहा कि वर्तमान सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित महसूस कर रही हैं और कानून-व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों का लाभ सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। सभा में शामिल लोगों का कहना था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और बिना भेदभाव के विकास कार्य करा रहे हैं।
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय से कलेक्ट्रेट पहुंचे सीएम योगी
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम और समीक्षा बैठक पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हो गए। उनके प्रस्थान के समय परिसर और पूरे मार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह सतर्क रहे और मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने तक यातायात को नियंत्रित रखा गया। इसके बाद दोपहर लगभग तीन बजे मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। कलेक्ट्रेट सभागार में अलीगढ़ मंडल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों और नई कार्ययोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक ले रहे हैं। इसी बैठक में 5150 करोड़ रुपये के नए प्रस्ताव सीएम के सामने रखे जाने हैं। यहां के बाद सीएम योगी नुमाइश मैदान पर लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी परिसर में निरीक्षण के बाद दोपहर का भोजन करेंगे। वहां से वह आईटीएम हेलीपैड से एएमयू विश्वविद्यालय हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से उनका काफिला कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचेगा। वहां पर अलीगढ़ मंडल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों और नई कार्ययोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक होगी। इसी बैठक में 5150 करोड़ रुपये के नए प्रस्ताव सीएम के सामने रखे जाएंगे। उसके बाद जनपदीय विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की हाई-लेवल समीक्षा बैठक होगी। बैठकों के बाद सीएम योगी नुमाइश मैदान पर अलीगढ़ सदर, कोल विधानसभाओं और नगर निगम के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। वहीं पर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद सीएम सर्किट हाउस पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

