BaghpatNews : उत्तर प्रदेश में एक और ‘मुस्कान’ सामने आई है। बागपत जिले के नौरोजपुर गुर्जर गांव में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। महिला ने नशीली खीर खिलाकर पति को बेहोश किया और फिर प्रेमी को बुलाकर गला दबा दिया। सामान्य मौत दिखाने के लिए कीटनाशक छिड़काव से तबीयत बिगड़ने की बात कही। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेमी की तलाश जारी है।  बागपत के नौरोजपुर गुर्जर गांव में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। शुक्रवार रात सचिन (33) की पत्नी रचना ने अपने प्रेमी सोनू निवासी रंछाड़ के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। कीटनाशक के छिड़काव से सामान्य मौत दिखाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना के बाद प्रेमी भाग गया। नौरोजपुर गुर्जर गांव के रहने वाले नवीन ने बताया कि शनिवार सुबह 3.33 बजे उसके भाई सचिन की पत्नी ने फोन किया। रचना ने बताया कि सचिन की शुक्रवार को खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने से तबीयत बिगड़ गई थी और अब तबीयत ज्यादा खराब हो गई है। परिजन सचिन को उठाकर बड़ौत के निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद एक अन्य अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।शनिवार सुबह गले पर निशान देखकर परिजनों को शक हुआ तो विकास के पड़ोसी के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इसमें रात को दस बजे एक युवक सचिन के घर में आता हुआ और सुबह तीन बजकर 28 मिनट पर बाहर जाते हुए दिखाई दिया।एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने रचना से पूछताछ की तो वह कीटनाशक दवाई के छिड़काव से पति की मौत होने की बात कहती रही। जब सख्ती दिखाई तो उसने प्रेमी सोनू के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार ली। रचना ने बताया कि प्रेमी ने शुक्रवार को नशे की गोलियां लाकर दीं, जो पति को खीर में मिलाकर खिला दीं। पति के सोने पर प्रेमी को बुलाकर उसकी हत्या कर दी।

साजिश के तहत दिया वारदात को अंजाम, जांच में बड़ा खुलासा
रचना ने बताया कि इंस्टाग्राम पर सोनू से बातचीत के बाद दोनों ने एक-दूसरे का नंबर लेकर बात करनी शुरू कर दी। वह पति से परेशान रहती थी, जो उसके साथ मारपीट करता था। शुक्रवार को प्रेमी ने नशे की गोलियां लाकर दी थीं, जो सभी उसको खिला दीं।

घटना को अंजाम देने के लिए रचना ने दरवाजा खुला रखा था। मौका पाते ही प्रेमी अंदर आ गया। रात में करीब 12 बजे तकिए से मुंह व गला दबाकर सचिन की हत्या कर दी। इसके बाद करीब साढ़े तीन घंटे तक दोनों मकान में ही रहे।
Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version