यमुना नदी को प्रदूषण और कचरे से मुक्त करने के उद्देश्य से रविवार को दिल्ली में बड़े पैमाने पर यमुना सफाई महाअभियान चलाया गया। दिल्ली सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान के तहत राजधानी के 28 प्रमुख यमुना घाटों पर एक साथ सफाई और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान में वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ स्कूली बच्चों, स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

गीता कॉलोनी घाट पर पहुंचीं CM रेखा गुप्ता
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गीता कॉलोनी घाट पर पहुंचकर स्वयं सफाई कार्य में हिस्सा लिया और लोगों को यमुना संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

विभिन्न घाटों पर नेताओं ने किया श्रमदान
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने यमुना बैंक घाट पर सफाई अभियान में हिस्सा लिया। वहीं दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पुराने लोहे के पुल के समीप सफाई कार्य किया। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने हाथी घाट पर श्रमदान किया, जबकि मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने सिग्नेचर ब्रिज के पश्चिमी तट पर आयोजित स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम में भागीदारी की।

पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी पर जोर
राजधानी के सभी 28 यमुना घाटों पर एक साथ चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य न केवल घाटों की सफाई करना था, बल्कि लोगों को नदी संरक्षण और परिवरण जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना भी था। सरकार का कहना है कि यह पहल यमुना को उसके पुराने स्वरूप में लौटाने और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version