BiharNews : भारतीय जनता पार्टी संगठन को लेकर अब और ज्यादा तेवर के साथ काम करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इशारों को समझते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राज्य के 38 जिलों को पांच विधायकों में बांट दिया है। बिहार भाजपा ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए राज्य को पांच भागों में विभाजित किया है। इस नई व्यवस्था के तहत पांच विधायकों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विभिन्न संभागों और जिलों के लिए सरकार-संगठन समन्वयक नियुक्त किए हैं, जिनका मुख्य कार्य सरकारी योजनाओं और पार्टी संगठन की गतिविधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा।

मनोज शर्मा को मिला मिथिला–तिरहुत का प्रभार, पार्टी ने सौंपी अहम समन्वय जिम्मेदारी!

मिथिला और तिरहुत संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों का प्रभार विधायक मनोज शर्मा को सौंपा गया है। वह मिथिला संभाग के दरभंगा पूर्वी, दरभंगा पश्चिमी, मधुबनी, झंझारपुर, समस्तीपुर उत्तरी और समस्तीपुर दक्षिणी जिलों के साथ तिरहुत संभाग के वैशाली उत्तरी, वैशाली दक्षिणी, मुजफ्फरपुर पूर्वी, मुजफ्फरपुर पश्चिमी, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों में सरकार-संगठन समन्वयक की जिम्मेदारी निभाएंगे।

मगध और शाहाबाद संभाग का प्रभार त्रिविक्रम नारायण सिंह को 

मगध और शाहाबाद संभाग के जिलों की जिम्मेदारी विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह को दी गई है। उनके जिम्मे मगध संभाग के जहानाबाद, गया पश्चिमी, गया पूर्वी, औरंगाबाद, अरवल और नवादा जिले होंगे। इसके अलावा शाहाबाद संभाग के कैमूर, रोहतास, बक्सर और भोजपुर जिलों में भी वह समन्वयक की भूमिका निभाएंगे।

चम्पारण और सारण संभाग की कमान सचिन्द्र प्रसाद सिंह के हाथ 

चम्पारण और सारण संभाग के सभी जिलों का समन्वय कार्य विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह को सौंपा गया है। उनके कार्यक्षेत्र में चम्पारण संभाग के बगहा, रक्सौल, बेतिया, मोतिहारी और ढाका जिले शामिल हैं। वहीं सारण संभाग के सिवान पश्चिमी, सिवान पूर्वी, गोपालगंज, सारण पूर्वी और सारण पश्चिमी जिलों की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है।

भागलपुर, कोशी और सीमांचल संभाग की जिम्मेदारी विजय खेमका को

विधायक विजय खेमका को भागलपुर, कोशी और सीमांचल संभाग का समन्वयक बनाया गया है। वह भागलपुर संभाग के भागलपुर, बांका और नवगछिया जिलों के अलावा कोशी संभाग के सुपौल, सहरसा और मधेपुरा जिलों की जिम्मेदारी संभालेंगे। साथ ही सीमांचल संभाग के अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिलों में भी सरकार-संगठन के बीच समन्वय का काम करेंगे।

पटना, मुंगेर, बेगूसराय और नालंदा संभाग का जिम्मा संजय गुप्ता को 

पटना, मुंगेर, बेगूसराय और नालंदा संभाग के जिलों की कमान विधायक संजय गुप्ता को सौंपी गई है। उनके जिम्मे पटना संभाग के पटना महानगर, पटना ग्रामीण और बाढ़ जिले होंगे। इसके अलावा मुंगेर संभाग के मुंगेर, जमुई और लखीसराय, बेगूसराय संभाग के खगड़िया और बेगूसराय तथा नालंदा संभाग के नालंदा और शेखपुरा जिलों में भी वह सरकार-संगठन समन्वयक की भूमिका निभाएंगे।

संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर जोर 

भाजपा की इस नई व्यवस्था के तहत पूरे बिहार को पांच बड़े क्षेत्रों में बांटकर अलग-अलग विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का उद्देश्य संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, योजनाओं की निगरानी करना और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद को मजबूत बनाना है। आगामी चुनावी और संगठनात्मक गतिविधियों को देखते हुए भाजपा ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version