BudaunNews: बदायूं जिले के हरनाथपुर मुस्तखर्जा गांव में मंगलवार को महिलाओं ने देसी शराब की दुकान पर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान शराब की पेटियां उठाकर तालाब में फेंक दी गईं। दुकान के सेल्समैन धीरेश की शिकायत के आधार पर पुलिस ने करीब 40 महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के हरनाथपुर मुस्तखर्जा गांव में संचालित देशी शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर मंगलवार शाम जमकर बवाल हुआ। दुकान न हटाने पर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। गांव की महिलाओं ने एकजुट होकर दुकान की दीवार तोड़ दी। कुछ महिलाओं पर आरोप है कि उन्होंने दुकान के अंदर रखी शराब को नष्ट कर दिया। ट्रेटा पैक फोड़कर बड़ी मात्रा में शराब नाली में बहा दी। पुलिस ने किसी तरह हालात काबू में किए। दुकान के सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस ने 40 महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

