HapurNews : हापुड़ में नाइट पेट्रोलिंग कर रहे दो सिपाहियों पर दबंग युवकों ने हमला कर दिया. पूछताछ से नाराज आरोपियों ने साथियों को बुलाकर मारपीट की, जिसमें दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए. हापुड़ जिले के देहात थाना क्षेत्र में देर रात पुलिसकर्मियों पर हुए हमले ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मुरादपुर गांव के पास नाइट पेट्रोलिंग कर रहे दो सिपाहियों पर कुछ दबंग युवकों ने हमला कर दिया, जिसमें दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए हमले में एक सिपाही के सिर में गंभीर चोट आई है. जानकारी के मुताबिक, थाना हापुड़ देहात में तैनात सिपाही दौलत राम और अभिषेक त्यागी देर रात इलाके में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें मुरादपुर गांव के पास बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध हालात में शराब की बोतलें ले जाते दिखाई दिए. पुलिसकर्मियों ने बाइक रोककर उनसे पूछताछ शुरू की.

फोन कर बुलाए साथी, फिर किया हमला वारदात से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार पूछताछ के दौरान युवक पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। थोड़ी ही देर में कई युवक लाठी-डंडों के साथ पहुंच गए और दोनों पुलिसकर्मियों को घेरकर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की. हमले में सिपाही दौलत राम के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े. वहीं सिपाही अभिषेक त्यागी भी घायल हो गए. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाहियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का उपचार जारी है. पुलिस अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों का हालचाल जाना.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीमें, इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज

पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. फरार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. हापुड़ में खाकी पर हुए इस हमले ने अपराधियों के बढ़ते हौसलों को जरूर दिखाया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version