HathrasNews: यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आज हाथरस में सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा बहुत महत्वपूर्ण है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाथरस के विकास को लेकर तीनों विधायकों ने सड़क, फ्लाईओवर और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव सरकार को दिए हैं। इन प्रस्तावों पर विचार कर आवश्यक धनराशि स्वीकृत की जा रही है और विभिन्न परियोजनाओं की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हाथरस मेडिकल कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान और सिकंदराराऊ बस स्टैंड के विकास के लिए भी सरकार कार्य कर रही है। इन दोनों परियोजनाओं सहित जिले की अन्य विकास योजनाओं को गति देने के लिए आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस का औद्योगिक क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। इससे हाथरस ही नहीं, बल्कि कासगंज, एटा और आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर एक एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित कर रही है, जहां युवाओं को रोजगार के साथ कौशल प्रशिक्षण (स्किल ट्रेनिंग) भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें उद्योगों की जरूरत के अनुरूप रोजगार मिल सके। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यही डबल इंजन सरकार की कार्यशैली है, जो बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं को तेजी से लागू करती है। उन्होंने कहा कि हाथरस की हींग और यहां के गुड़ ने जिले को नई पहचान दिलाई है। सरकार इस पहचान को और मजबूत करने के लिए कृषि और उद्योग दोनों क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आलू किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसानों की आय बढ़ाने और उनके चेहरे पर खुशहाली लाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से ही विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने करीब 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लिए हाथरसवासियों को बधाई दी।

“कांग्रेस और सपा पर हमला: जनता को गुमराह करने का लगाया आरोप”

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी हमेशा जनता को गुमराह करने का काम करती रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों दल संविधान बचाने की बात कर रहे थे, जबकि 25 जून 1975 को आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या कांग्रेस ने ही की थी। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस ने किया। योगी ने कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस सरकार ने देशभर के विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया था। उन्होंने जयप्रकाश नारायण, डॉ. मुरली मनोहर जोशी सहित अनेक नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा से जुड़े नेता मुलायम सिंह यादव को भी तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने जेल में बंद किया था।

“सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कसा तंज, राजनीतिक बयानबाज़ी ते

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मंदिर केवल इमारत नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या को रामभक्तों ने सजा और संवार दिया है। आप उसकी चिंता मत करिए। पहले पश्चाताप करिए और एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए। कम से कम इससे सद्बुद्धि तो आएगी। योगी ने कहा कि यदि वास्तव में धार्मिक स्थलों के विकास की चिंता है तो मथुरा और वृंदावन पर भी खुलकर बोलना चाहिए। अगर सचमुच धार्मिक कार्य करना चाहते हैं तो श्रीकृष्ण जन्मभूमि के सम्मान और मुक्ति के अभियान पर भी स्पष्ट राय रखिए। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि को भी सम्मान मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के पास प्रदेश के विकास, अयोध्या और मथुरा-वृंदावन के विकास को लेकर कोई ठोस एजेंडा नहीं है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा नेता मुल्ला और मौलवियों के आगे घुटने टेकते हैं।

अयोध्या को धार्मिक नगरी क्या बनाएंगे, रामभक्तों पर गोली चलाने वाली सरकार आपकी थी’, हाथरस में अखिलेश पर बरसे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में व्यापारी, किसान और आम नागरिक असुरक्षित महसूस करते थे। जगह-जगह लूटपाट होती थी और बेटियों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता था। उनकी सरकार ने अपराधियों और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त और विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है।मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने अखिलेश यादव का बयान पढ़ा, जिसमें अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा, “आप क्या अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाएंगे। अपना इतिहास देखिए। रामभक्तों पर गोली आपकी ही सरकार ने चलवाई थी।” उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या आज अपनी गौरवशाली पहचान वापस प्राप्त कर रही है।

“डबल इंजन सरकार में विकास, सुरक्षा और गरीब कल्याण—साथ-साथ चल रही तेज रफ्तार”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को हर वर्ष होली और दीपावली पर दो मुफ्त एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार आने पर विकास होता है, गरीबों का कल्याण होता है, युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं, महिलाओं के स्वावलंबन के लिए कदम उठाए जाते हैं, व्यापारियों को सुरक्षा मिलती है और किसानों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए प्रभावी योजनाएं लागू की जाती हैं। उन्होंने कहा कि यह सब जनता के एक निर्णय से संभव हुआ है। जब लोग कमल का बटन दबाकर एनडीए प्रत्याशियों को विजयी बनाते हैं तो बदले में विकास, सुरक्षा, बेटियों की सुरक्षा, व्यापारियों का संरक्षण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और किसानों के हित में योजनाएं मिलती हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि भी लगातार प्रयास कर अपने क्षेत्रों में विकास योजनाएं लाने का काम करते हैं।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version