lucknowNews: अखिलेश यादव ने राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने एसआईटी को लेकर टिप्पणी करते हुए उसे “शेयर इन थेफ्ट” बताया और सरकार की भूमिका पर भी निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में “महापाप” हुआ है और एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आने के बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज न होना कई सवाल खड़े करता है।लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने एसआईटी पर टिप्पणी करते हुए उसे “शेयर इन थेफ्ट” बताते हुए सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने राममंदिर का दर्शन कर दान दिया था। चढ़ावा चढ़ाया था। प्रदेश के हर लोकसभा क्षेत्र से अगर 10 करोड़ भी मानें तो 800 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्रभु श्रीराम को चढ़ाया गया है। लोग गुप्तदान भी करते हैं। अब गुप्तदान करने वाले अगर बोलेंगे तो उनके घर ईडी और सीबीआई पहुंच जाएगी।
एफआईआर के बिना एसआईटी ‘बिना तीर की कमान’
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।उन्होंने एफआईआर दर्ज न होने पर सवाल उठाते हुए एसआईटी की जांच को “बिना तीर की कमान” जैसा बताया।उन्होंने यह भी कहा कि दान से जुड़ी वस्तुओं के गायब होने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने जांच की प्रक्रिया और उसकी निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े किए।

