Madhyapradeshnews: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक वाहन शोरूम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे शोरूम में खड़ी कई गाड़ियां जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। घटना के दौरान भवन में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। फंसे हुए लोगों को पास की इमारत के रास्ते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।मध्य प्रदेश के इंदौर में स्कीम नंबर-136 स्थित एक बहुमंजिला भवन के बेसमेंट में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बेसमेंट में इलेक्ट्रिक वाहनों का शोरूम होने के कारण आग तेजी से फैल गई और वहां खड़े कई ई-रिक्शा सहित अन्य इलेक्ट्रिक वाहन जलकर नष्ट हो गए। आग के साथ उठे घने धुएं ने आसपास की इमारतों को भी प्रभावित किया, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। दोनों इमारतों के बीच सीढ़ी लगाकर ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान छह लोगों को सकुशल बचा लिया गया। सूचना मिलने पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 14 हजार लीटर पानी की मदद से लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया.

