MerrutNews: मेरठ के बहसूमा में छह वर्षीय अंगदवीर की हत्या के बाद उसका पिता सऊदी अरब से गांव पहुंचा। बेटे को खोने के गम में डूबे पिता ने कहा कि अगर गुरप्रीत अलग होना चाहती थी तो वह तलाक देने के लिए तैयार था, लेकिन उसके मासूम बेटे की जान नहीं जानी चाहिए थी। बेटे की मौत से टूटे पिता ने इस घटना को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बताया। मेरठ के बहसूमा क्षेत्र में छह वर्षीय अंगदवीर की हत्या के बाद सऊदी अरब से लौटे पिता गुरसेवक ने अपना दर्द साझा किया। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पत्नी गुरप्रीत अलग होना चाहती थी, तो वह तलाक देने के लिए तैयार थे, लेकिन उन्हें कभी नहीं लगा था कि इसका खामियाजा उनके मासूम बेटे को अपनी जान देकर चुकाना पड़ेगा। गुरसेवक ने बताया कि वह सऊदी अरब में ट्रक चालक के रूप में काम करते थे और परिवार के बेहतर भविष्य के लिए विदेश में मेहनत कर रहे थे। उनका सपना था कि बेटे को अच्छी शिक्षा मिले और परिवार की सभी जरूरतें पूरी हों। उन्होंने कहा कि बेटे की देखभाल की जिम्मेदारी मां पर भरोसा करके ही उन्होंने रिश्ते को बनाए रखा, लेकिन अब बेटे को खोने का दर्द उन्हें भीतर तक तोड़ चुका है। अपनी बात कहते हुए गुरसेवक भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।

ग्रामीणों ने पोस्टर लगाकर व्यक्त की कृतज्ञता, दिया धन्यवाद संदेश

अंगदवीर की हत्या के मामले के खुलासे की ग्रामीण जल्द मांग कर रहे थे। पुलिस ने गुरप्रीत और उसके प्रेमी एचडीएफसी बैंक के एरिया मैनेजर अर्पित पाराशर को गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने पोस्टर लगाकर पुलिस का आभार प्रकट किया है। उन्होंने दोनों आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की भी मांग की है। एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। थाना पुलिस को इस मामले में जल्द से जल्द आरोप पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया गया है।

प्रेम प्रसंग छिपाने के लिए मासूम की हत्या? बैंक अधिकारी पर गंभीर आरोप

मेरठ के बहसूमा से सनसनीखेज मामला सामने आया है। एचडीएफसी बैंक के एरिया मैनेजर अर्पित पाराशर ने प्रेम संबंध का राज खुलने के डर से प्रेमिका गुरप्रीत कौर के छह साल के बेटे अंगदवीर को अगवा करके चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया।  आरोपी ने मासूम को बहसूमा थाना इलाके के रामराज स्थित उसके घर के बाहर से मंगलवार को अगवा करके कार में ले गया था। पुलिस ने बुधवार को मीरापुर निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रेमिका से पूछताछ कर वारदात में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है। अर्पित की शादी छह माह पहले हुई है। रामराज निवासी बलजिंदर कौर ने मंगलवार को बहसूमा थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पौत्र अंगदवीर को अर्पित पाराशर घर के बाहर से कार में अगवा करके ले गया है। अर्पित हापुड़ में एचडीएफसी बैंक में एरिया मैनेजर है।

मासूम ने देख लिया था राज, क्या इसी वजह से बनी जान की दुश्मनी?

सीसीटीवी फुटेज में वह बच्चे को कार में ले जाता दिखाई दिया था। पूछताछ में पुलिस को बताया कि रविवार को वह गुरप्रीत से मिलने उसके घर गया था। इस बीच अंगदवीर ने दोनों को साथ देख लिया था। उसे डर था कि बच्चा उनका राज खोल देगा। इसी के चलते उसकी हत्या कर दी।

पहले नहर में फेंकने का दावा, बाद में कहानी ने लिया नया मोड़

पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी अर्पित को मीरापुर के भूमा रोड क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने करीब आठ घंटे तक पुलिस को भटकाने की कोशिश की। वह लगातार दावा करता रहा कि अपहरण के बाद उसने अंगदवीर को परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के पुट्ठी गांव के पास स्थित नहर में फेंक दिया था। हालांकि, जांच आगे बढ़ने पर उसके बयान पर संदेह गहराया और पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ जारी रखी। बुधवार की सुबह आठ बजे से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नहर में तलाश करती रहीं। शाम को आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अंगदवीर की हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के भद्रकाली मंदिर के पास हत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ले जाकर शाम लगभग पांच बजे शव बरामद किया। 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version