Moradabad News: दिल्ली रोड पर स्थित कन्हैया लाल निरंजन कुमार की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई है। इस दौरान दो युवक इमारत में फंस गए। इमारत में लगी भीषण आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई।
घटना की जानकारी देते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) डॉ. राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से उन्हें फैक्ट्री में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना किसी देरी के तीन फायर टेंडर लेकर तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी। आग की भयावहता को देखते हुए सीएफओ के निर्देश पर तुरंत सात और फायर टेंडर मौके पर बुलाए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। आग पर काबू पाने के लिए युद्ध स्तर पर राहत और अग्निशमन कार्य शुरू किया गया। डॉ. राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि कुल 10 फायर टेंडरों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
हालांकि, परिसर में अभी भी कुछ धुआं दिखाई दे रहा है। जिसे पूरी तरह साफ किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल पर दो युवक फंसे हुए थे। जिन्हें फायर टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
रिपोर्ट- शारिक सिद्दकी (मुरादाबाद)

