गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। एनेक्सी भवन में प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों, नेताओं और भाजपा पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य, रक्तदान और जनजागरूकता जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

तैयारियों को परखने गोरखपुर पहुंचे स्वतंत्र देव सिंह

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि इसका सीधा लाभ आम जनता और जरूरतमंदों तक पहुंचे। गांव, ब्लॉक, तहसील, नगर निकाय और बूथ स्तर तक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया गया है।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य जांच, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, श्रमदान, पौधरोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता यात्राओं के साथ सरकारी योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि जिन पात्र लोगों के अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके कार्ड एक सप्ताह के भीतर बनवाए जाएं।

एक महीने तक चलेगा कार्यक्रम

17 सितंबर को अभियान का विशेष शुभारंभ होगा। इस दौरान रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान समेत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम को बूथ और प्रमुख स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का भी कार्यक्रम होगा। अभियान को सफल बनाने के लिए डीएम और एसएसपी को नोडल जिम्मेदारी दी गई है।

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version