NewDelhi: मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में ईडी ने दिल्ली-मुंबई के 17 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह छापेमारी यस बैंक के लोन हस्तांतरण मामले में हुई कथित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले से जुड़ी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यस बैंक घोटाले और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली, मुंबई और खंडाला सहित 17 स्थानों पर एक साथ छापा मारा है। अधिकारियों के अनुसार, यह छापेमारी सुरक्षा एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (SARCL), सुरक्षा रियल्टी लिमिटेड, ख्याति रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसरों के अलावा इनके प्रमोटरों, निदेशकों, कर्मचारियों तथा यस बैंक के एक पूर्व कर्मचारी के ठिकानों पर की गई।

ईडी की छापेमारी: इन कंपनियों के ठिकानों पर मनी लॉन्ड्रिंग केस में कार्रवाई

ईडी की जांच वित्त वर्ष 2016-17 से 2017-18 के बीच मैकस्टार मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड और अन्य कंपनियों को यस बैंक द्वारा दिए गए ऋणों के कथित गलत हस्तांतरण से संबंधित है। अधिकारियों के अनुसार, यह छापेमारी अभियान मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़े सबूत जुटाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। जांच एजेंसी को संदेह है कि कुछ एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनियों (ARC) और यस बैंक के बीच मिलीभगत के जरिए सर्कुलर ट्रांजैक्शन किए गए, जिनके माध्यम से संकटग्रस्त परिसंपत्तियों पर अनुचित तरीके से नियंत्रण हासिल किया गया।

ऐसे हुआ घोटाला: यस बैंक केस में ईडी की जांच तेज

ईडी इस बात की भी जांच कर रही है कि नीलामी प्रक्रिया के दौरान संपत्तियों का मूल्य जानबूझकर कम तो नहीं आंका गया, ताकि कुछ लोगों को अनुचित लाभ मिल सके। इसके साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या बढ़ा-चढ़ाकर या फर्जी दावों के जरिए फायदा उठाने की कोशिश की गई। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी में मिले दस्तावेज, डिजिटल डेटा और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच की जाएगी। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और मामले में एजेंसी के विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version