कर्नाटक की सत्ताधारी कांग्रेस सरकार में आज बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और उनके स्थान पर डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इसके लिए सिद्धारमैया सीधे राज्यपाल कार्यालय पहुंचे और अपना इस्तीफा सौंपा।

बेंगलुरु में लोक भवन पहुंचे सीएम सिद्धारमैया, जल्द दे सकते हैं इस्तीफा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया बेंगलुरु स्थित लोक भवन पहुंच चुके हैं, जहां वे जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि राज्यपाल थावर चंद गहलोत फिलहाल लोक भवन में मौजूद नहीं हैं, ऐसे में सिद्धारमैया अपना इस्तीफा लोक भवन कार्यालय में ही सौंप सकते हैं।

कर्नाटक की आर्थिक हालत खराब, नए सीएम से भी राहत की उम्मीद नहीं: विश्लेषक

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक बी.वाई. विजयेंद्र ने गुरुवार को कर्नाटक सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सिद्धारमैया के बाद अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा। होसपेट में मीडिया से बातचीत के दौरान विजयेंद्र ने कहा, ‘सिद्धारमैया के बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह अब सबसे बड़ा सवाल बन गया है।’ उन्होंने कहा, कांग्रेस के तीन साल के शासन में कर्नाटक आर्थिक संकट में फंस गया है। सरकार ने लोगों को अच्छा शासन देने के लिए कोई ईमानदार और गंभीर प्रयास नहीं किया। राज्य की शासन व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों, गरीबों और युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और सिर्फ अल्पसंख्यकों को खुश करने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा, ‘सरकार किसानों, गरीबों और बेरोजगार युवाओं की समस्याएं सुनने में विफल रही है। मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर चल रही लड़ाई शासन से भी बड़ा मुद्दा बन गई है। सत्ता की अंदरूनी खींचतान का असर प्रशासन पर पड़ रहा है। राज्य के युवा सरकार से नाराज हैं और कर्नाटक धीरे-धीरे ड्रग्स कैपिटल बनता जा रहा है।’ सिद्धारमैया के इस्तीफे को लेकर चल रही चर्चाओं का जिक्र करते हुए विजयेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के अंदर अलग-अलग गुट सक्रिय हो गए हैं।

नागरिकों और नेताओं में उठे नाराजगी के स्वर

कर्नाटक में सिद्धारमैया के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद उनके समर्थकों में गहरा आक्रोश देखने को मिला है। कई स्थानों पर समर्थकों ने कांग्रेस हाईकमान के खिलाफ प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान एक जगह समर्थकों ने राहुल गांधी के पोस्टर को आग के हवाले कर अपना गुस्सा जाहिर किया।  कर्नाटक कांग्रेस में चल रही उठापटक के बीच यह स्पष्ट हो गया है कि सीएम सिद्दारमैया आज तीन बजे अपने पद से इस्तीफा देने वाले हैं। कर्नाटक सरकार में मंत्री एचके पाटिल ने इसकी पुष्टि की है। नेतृत्व परिवर्तन की आहट के बीच सीएम सिद्धारमैया के सरकारी आवास कावेरी पर सुबह ब्रेकफास्ट मीटिंग में डीके शिवकुमार पहुंचे थे। इसी बैठक में एचके पाटिल भी शामिल थे। कैबिनेट मंत्रियों के साथ-साथ सिद्धारमैया के करीबी कई विधायक भी इस बैठक में शामिल हुए। इस दौरान डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और एक-दूसरे को गले लगाकर यह संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी के अंदर के अंदर कोई गुटबाजी नहीं है। बैठक के बाद कर्नाटक के मंत्री एचके पाटिल ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘मुख्यमंत्री सिद्दारमैया 3 बजे इस्तीफा देंगे। सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि हम डीके शिवकुमार को नया सीएम बनाएंगे।’ मुख्यमंत्री कार्यालय की आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज दोपहर 2:30 बजे लोक भवन का दौरा करेंगे। इसके बाद वह दोपहर 3 बजे अपने दूसरे आधिकारिक आवास ‘कृष्णा’ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।’

कर्नाटक में कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल, युवाओं की हालत खराब: बी.वाई. विजयेंद्र

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार की आलोचना की है। उनका कहना है कि सत्तारूढ़ पार्टी में आंतरिक मतभेदों ने न केवल कांग्रेस विधायकों के बीच अस्थिरता पैदा की है, बल्कि राज्य के प्रशासनिक तंत्र को भी कमजोर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति और विकास कार्यों में ठहराव के कारण जनता के महत्वपूर्ण मुद्दों की अनदेखी हो रही है। विजयेंद्र ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों के चलते राज्य के युवा निराश और परेशान हैं, और सरकार लोगों की बुनियादी समस्याओं को हल करने में पूरी तरह असफल रही है।

सिद्धारमैया ने सीएम पद छोड़ने का ऐलान, डीके शिवकुमार कल ले सकते हैं शपथ
Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version