Auraiya: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की औरैया जिला इकाई ने सोमवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया और मंडी निदेशक, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के नाम संबोधित ज्ञापन सचिव कृषि उत्पादन मंडी समिति औरैया के माध्यम से सौंपा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, गल्ला मंडी एवं सब्जी मंडी के आढ़तियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को उठाया और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
- लाइसेंस नवीकरण और ऑनलाइन व्यवस्था पर जताई नाराजगी
ज्ञापन में व्यापारियों ने लाइसेंस नवीकरण प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों, ऑनलाइन पोर्टल की खामियों, नई ऐप व्यवस्था से हो रही परेशानियों, मंडी समिति में सफाई व्यवस्था की कमी तथा दुकानों के किराए में वृद्धि जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों का कहना है कि इन समस्याओं के कारण उनके दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। - बिना वार्ता लिए गए निर्णयों का विरोध
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल औरैया इकाई के जिला अध्यक्ष बबलू बाजपेयी ने कहा कि पहले व्यापारियों से चर्चा और बैठक के बाद ही व्यवस्थाओं से जुड़े निर्णय लिए जाते थे, लेकिन इस बार बिना किसी संवाद के कई फैसले लागू कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों का विश्वास में लिए बिना लिए गए निर्णयों का संगठन पुरजोर विरोध करेगा और जरूरत पड़ने पर व्यापक आंदोलन भी किया जाएगा। - समस्याओं के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बबलू बाजपेयी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यापारियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन व्यापारियों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। - बड़ी संख्या में व्यापारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अमर विश्नोई, रविशंकर शुक्ला, भानू राजपूत, आरती नंदन तिवारी, दीपक सोनी, गल्ला मंडी अध्यक्ष शिवाकांत पाठक, हरी सब्जी मंडी अध्यक्ष विजय मिश्रा, मयंक शुक्ला, विवेक तिवारी, रितेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – अवधेश अवस्थी

