कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी की कार पर कथित तौर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना उत्तर 24 परगना जिले के हलिसहर की बताई जा रही है। ममता बनर्जी यहां एक पार्टी कार्यकर्ता के घर जा रही थीं, जिसकी कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। ममता बनर्जी का आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी कार को निशाना बनाया और उस पर ईंट-पत्थर फेंके। उन्होंने दावा किया कि अगर कार की खिड़कियां बंद नहीं होतीं तो पत्थर सीधे उनके सिर पर लग सकते थे और उनकी जान भी जा सकती थी।
हलिसहर में घिरी ममता बनर्जी की कार
ममता बनर्जी के हलिसहर पहुंचने के दौरान वहां विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने उनकी कार को घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर कार पर कीचड़ लगाया और जूते व पानी की बोतलें भी फेंकीं। इस दौरान मौके पर ‘चोर भगाओ’ जैसे नारे भी लगाए गए। वीडियो में पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने और स्थिति को संभालने की कोशिश करते नजर आए। हालांकि, घटना को लेकर टीएमसी और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है।
ममता बोलीं- ‘मैं मर भी सकती थी’
घटना के बाद ममता बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी कार पर पुलिस के सामने पत्थर फेंके गए, लेकिन उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिली। उन्होंने कहा, “अगर कार की खिड़कियां बंद नहीं होतीं तो पत्थर मेरे सिर पर लग सकता था। मेरा सिर फट सकता था और मेरी जान भी जा सकती थी। मैंने अपनी जिंदगी में ऐसा हमला कभी नहीं देखा।” ममता ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन उनकी सुरक्षा करने में नाकाम रहा। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल बीजेपी को सुरक्षा देती है।
साथ मौजूद नेताओं ने भी जताई नाराजगी
ममता बनर्जी के साथ लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी और राज्यसभा सांसद डोला सेन भी मौजूद थीं। दोनों नेताओं ने भी घटना को लेकर प्रशासन पर नाराजगी जाहिर की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बीजेपी ने हमले से किया किनारा
मामले में बीजेपी ने हमले से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है। पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पार्टी हिंसा का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा कि बीजेपी का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है और पुलिस को हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
पहले अभिषेक बनर्जी की गाड़ी भी बनी थी निशाना
ममता बनर्जी की कार पर कथित हमले की यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब कुछ महीने पहले उनके भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी को भी उनके संसदीय क्षेत्र में विरोध का सामना करना पड़ा था। पश्चिम बंगाल चुनाव में टीएमसी को करारी हार मिलने के बाद पार्टी नेताओं के खिलाफ विरोध के मामले लगातार सामने आए हैं। अब ममता बनर्जी की कार पर हुए कथित पथराव ने राज्य में राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।

