बरेली के क्योलड़िया क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पशु तस्कर इकराम उर्फ हड्डी को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने संरक्षित पशुओं के अवैध कटान की साजिश में शामिल एक शातिर तस्कर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। सीओ क्राइम गौरव सिंह ने बताया कि रविवार रात क्योलड़िया थाना पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हाफिजगंज और क्योलड़िया सीमा पर स्थित कैलाश नदी पुल के पास कुछ तस्कर संरक्षित पशुओं के अवैध कटान की योजना बना रहे हैं। सूचना के अनुसार, एक आरोपी मौके की रेकी के लिए पहले ही पहुंच चुका था, जबकि उसके अन्य साथी भी वहां आने वाले थे। सूचना मिलने पर क्योलड़िया पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख तस्कर इकराम उर्फ हड्डी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हजियापुर के आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड, दो जिलों में केस दर्ज
गिरफ्तार तस्कर इकराम उर्फ हड्डी बरेली के हजियापुर मोहल्ले का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस, एक मोबाइल फोन और 570 रुपये नकद बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि इकराम एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ बरेली तथा शाहजहांपुर जिलों में लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

